अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर वैशाली नगर में विशाल योग व राजयोग ध्यान कार्यक्रम, देवनानी रहे मौजूद
नियमित योग और ध्यान को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान
जयपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, वैशाली नगर द्वारा शनिवार सुबह चित्रकूट स्टेडियम, वैशाली नगर में विशाल योग एवं राजयोग ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग और ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास एवं राजयोग ध्यान से हुआ। उपस्थित लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा मानसिक शांति एवं सकारात्मकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “आध्यात्मिक जागृति द्वारा विश्व नवसृजन” रहा। इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए नियमित योग और ध्यान को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज की क्षेत्रीय संचालिका राजयोगिनी बीके सुषमा दीदी ने भी अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मिक शक्ति, मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवन का आधार है। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ योगासन, प्राणायाम एवं राजयोग ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वस्थ, तनावमुक्त और मूल्यनिष्ठ जीवन जीने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Comment List