जिला प्रशासन : हुनर को मिलेगा हुनरमंद बनने का मौका, चर्म प्रशिक्षण के लिए 31 जुलाई तक होंगे आवेदन
31 जुलाई के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा
जयपुर। चर्म उद्योग से जुड़े दस्तकारों और स्वरोजगार की राह तलाश रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, जयपुर (ग्रामीण) की ओर से चर्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए दो माह का निःशुल्क चर्म प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए इच्छुक अभ्यर्थी 31 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे। संयुक्त आयुक्त एवं महाप्रबंधक कमलेश कुमार मीना ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम आठवीं उत्तीर्ण होना जरूरी है। आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी सादे कागज पर नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि, शैक्षणिक योग्यता और जाति/वर्ग की जानकारी अंकित कर जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, जयपुर (ग्रामीण) में आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ पासपोर्ट आकार का फोटो, पहचान पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र और लागू होने पर जाति प्रमाण पत्र देना होगा।
अनुसूचित जाति वर्ग के प्रशिक्षणार्थियों को दो माह तक लेदर गुड्स निर्माण का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि में 500 रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड तथा प्रशिक्षण पूरा होने पर स्वरोजगार के लिए 1,000 रुपए मूल्य की टूलकिट दी जाएगी। 31 जुलाई के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

Comment List