जयपुर विधानसभा में बजट बहस के दौरान डोटासरा का हमला- “डबल इंजन सरकार के दोनों इंजन सीज”
सरकार को घेरा और कहा कि वादों के अनुरूप कार्रवाई नहीं
राजस्थान विधानसभा में सोमवार को बजट पर चल रही बहस के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद राजस्थान को केंद्र से पूरा वित्तीय सहयोग नहीं मिल रहा।
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में सोमवार को बजट पर चल रही बहस के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद राजस्थान को केंद्र से पूरा वित्तीय सहयोग नहीं मिल रहा। उनका दावा है कि केंद्र से मिलने वाला अनुदान केवल 1.3 प्रतिशत है, जो अब तक का सबसे कम स्तर है। उन्होंने कहा कि केग रिपोर्ट के अनुसार राज्य के पीडी खाते में 15 हजार करोड़ रुपये पड़े हैं, लेकिन सरकार उनका उपयोग नहीं कर पा रही। चालू वित्तीय वर्ष में दिसंबर 2025 तक केवल 54 प्रतिशत बजट ही खर्च हो सका है, जबकि अधिकतर खर्च मार्च महीने में होता है, जिससे भ्रष्टाचार की आशंका बढ़ती है।
डोटासरा ने “राइजिंग राजस्थान” निवेश समझौतों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सबसे अधिक एमओयू ऊर्जा क्षेत्र में हुए, लेकिन जमीन पर केवल 6 लाख करोड़ रुपये के एमओयू ही उतर पाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी ठेकेदार प्रदेश के संसाधनों का लाभ उठा रहे हैं, जबकि स्थानीय लोगों को अपेक्षित रोजगार नहीं मिल रहा। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने क्षेत्र में एक पॉलिटेक्निक कॉलेज तक की घोषणा नहीं कर सकीं। यमुना जल परियोजना की डीपीआर अब तक तैयार नहीं होने और जल जीवन मिशन के तहत 17 हजार करोड़ रुपये लैप्स होने का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने बजरी खनन, शहरी मास्टर प्लान, भर्तियों, आरजीएचएस योजना और कोचिंग नियमन कानून के क्रियान्वयन में देरी पर भी सरकार को घेरा और कहा कि वादों के अनुरूप कार्रवाई नहीं हुई ।

Comment List