राजस्थान में मौसम का डबल अटैक, कहीं आंधी-बारिश तो कहीं हीटवेव का कहर
प्रदेश में मौसम का यही मिश्रित दौर जारी रहने की संभावना
राजस्थान में मौसम इन दिनों लगातार करवट बदल रहा। प्रदेश में सुबह से दोपहर तक तेज धूप और लू ने लोगों को बेहाल कर दिया। कई जिलों में तापमान बढ़ने से गर्मी का असर साफ।
जयपुर। राजस्थान में मौसम इन दिनों लगातार करवट बदल रहा है। गुरुवार को प्रदेश में सुबह से दोपहर तक तेज धूप और लू ने लोगों को बेहाल कर दिया। कई जिलों में तापमान बढ़ने से गर्मी का असर साफ नजर आया। हालांकि दोपहर बाद मौसम ने अचानक पलटी मारी और राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार आज शुक्रवार को भी प्रदेश में मौसम का यही मिश्रित दौर जारी रहने की संभावना है।
विभाग ने राजस्थान के 10 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, तेज गर्मी को देखते हुए तीन जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट और एक जिले में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 16 मई के बाद प्रदेश में फिर से भीषण गर्मी का दौर शुरू हो सकता है। अगले एक सप्ताह तक कई इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी और हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।

Comment List