कांग्रेस में गुटबाजी : बाड़मेर और अजमेर में अंदरूनी खींचतान आई सामने, नेताओं ने पीसीसी चीफ गोविन्द डोटासरा तक पहुंचाई शिकायतें
पूर्व मंत्री हरीश चौधरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई
जयपुर। निकाय और पंचायत चुनावों से पहले राजस्थान कांग्रेस में गुटबाजी फिर उजागर हो गई। पीसीसी वॉर रूम में बाड़मेर के पूर्व विधायक मेवाराम जैन सैकड़ों समर्थकों के साथ पहुंचे और प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात की। उन्होंने पूर्व मंत्री हरीश चौधरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। जैन ने कहा कि बाड़मेर में गुटबाजी बहुत है, इसे खत्म कर पार्टी को एकजुट करना होगा। नाम लिए बिना उन्होंने गुटबाजी करने वाले व्यक्ति का नाम अध्यक्ष को बता दिया। वहीं अजमेर के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय जैन की शिकायत भी डोटासरा के पास पहुंची।
उन्होंने आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ पर पार्टी को नुकसान पहुंचाने और बाहरी व्यक्ति के दखल का आरोप लगाया। दोनों नेताओं ने चेताया कि गुटबाजी नहीं रोकी गई तो चुनाव में नुकसान होगा। डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और किसी कार्यकर्ता के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। बाड़मेर और अजमेर के मामले वहीं बैठकर सुलझाए जाएंगे। मेवाराम जैन की हालिया पार्टी वापसी पर हरीश चौधरी का विरोध रहा है, जबकि विजय जैन को अजमेर जिलाध्यक्ष ने कारण बताओ नोटिस दिया है।

Comment List