यूजीसी नियमों की वापसी की मांग को लेकर अनशन शुरू, 25 अक्टूबर को विद्याधर नगर स्टेडियम में होगी सवर्ण आक्रोश सभा
आरक्षण व्यवस्था में सुधार सहित विभिन्न मांगें उठाई
जयपुर। राष्ट्रीय करणी सेना महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष लक्ष्मी तंवर ने रविवार को वैशाली नगर के चित्रकूट स्थित राष्ट्रीय करणी सेना भवन पर सर्व समाज की महिलाओं के साथ अनशन शुरू कर दिया। उन्होंने यूजीसी नियमों की वापसी, एससी-एसटी एक्ट में संशोधन और आरक्षण व्यवस्था में सुधार सहित विभिन्न मांगें उठाई हैं। उन्होंने मांगें पूरी होने तक अनशन जारी रखने की बात कही। यह घटनाक्रम 25 अक्टूबर को विद्याधर नगर स्टेडियम में प्रस्तावित सवर्ण आक्रोश सभा से पहले सामने आया है।
सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवसिंह शेखावत ने बताया कि आक्रोश सभा में आरक्षण व्यवस्था में सुधार, यूजीसी नियमों की वापसी, एससी-एसटी एक्ट में संशोधन, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रावधानों और प्रक्रिया को सरल बनाने, सवर्ण आयोग के गठन और गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने जैसी मांगें उठाई जाएंगी। प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता नरेंद्र सिसोदिया, राष्ट्रीय सचिव कुलदीप सिंह भादवा, विप्र महासभा के संस्थापक सुनील उदेईया, प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र भारद्वाज, परशुराम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट अनिल चतुर्वेदी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Comment List