ज्वैलर्स को बातों में उलझाकर लाखों के जेवर चोरी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग की महिला सदस्य गिरफ्तार
जयपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी
जयपुर एयरपोर्ट पुलिस ने जगतपुरा स्थित श्री श्याम ज्वेलर्स में हुई चोरी का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गैंग की सदस्य मौसम बाई को कोटा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालकर इस गिरोह का पर्दाफाश किया। यह गैंग महिलाओं को बातों में उलझाकर आभूषण पार करने में माहिर है। मुख्य सरगना पहले ही पकड़ी जा चुकी है।
जयपुर। थाना एयरपोर्ट जयपुर पूर्व पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर ज्वैलर्स की दुकान से जेवरात चोरी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग की फरार महिला सदस्य को गिरफ्तार किया है। इससे पहले गैंग की मुख्य सरगना को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस उपायुक्त पूर्व संजीव नैन ने बताया कि 5 जनवरी 2026 को थाना एयरपोर्ट क्षेत्र के जगतपुरा स्थित श्री श्याम ज्वैलर्स की दुकान से लाखों रुपये के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया था। इस संबंध में थाना एयरपोर्ट में प्रकरण संख्या 02/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल के सुपरविजन एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण के साथ पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए संदिग्ध महिलाओं की पहचान की।
जांच के दौरान गैंग की मुख्य सरगना नीरू उर्फ सोन्या बागरी को पहले ही कोटा ग्रामीण से डिटेन कर 8 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में उसने बताया कि 3 जनवरी 2026 को वह अपनी दो रिश्तेदार महिलाओं मौसम बाई और गुड्डी के साथ जगतपुरा मार्केट में कई दुकानों पर चोरी का प्रयास किया था। बाद में श्री श्याम ज्वैलर्स की दुकान से चांदी के जेवरात चोरी किए।
इसके बाद पुलिस टीम ने फरार चल रही गैंग की सदस्य मौसम बाई पत्नी सुमन कुमार बागरी (28) को कोटा से दस्तयाब कर पूछताछ के बाद 8 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह अपने गैंग के साथ अलग-अलग शहरों में घूमती है और कई राज्यों में इसी तरह ज्वैलर्स की दुकानों पर लोगों को बातों में उलझाकर चोरी की वारदात कर चुकी है। चोरी से मिलने वाले पैसों से ही वह अपने परिवार का खर्च चलाती है।
गिरफ्तार आरोपी:
मौसम बाई पत्नी सुमन कुमार बागरी (28) निवासी बैरवा बस्ती, गांव डाबरा थाना सुल्तानपुर, जिला कोटा ग्रामीण, हाल बड़ा बस्ती थाना अनंतपुरा, जिला कोटा।

Comment List