एसआईआर के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी : प्रदेश में 31.36 लाख नाम कटे 10.48 लाख वोटर बढ़े, अब प्रदेश में 5.15 करोड़ वोटर्स
अंता सीट पर फाइनल लिस्ट12 मार्च को प्रकाशित होगी
निर्वाचन विभाग की अंतिम प्रकाशित सूची में कुल 5 करोड़ 15 लाख 19 हजार 929 मतदाता शामिल हैं, जिसमें 2 करोड़ 69 लाख 57 हजार 881 पुरुष, 2 करोड़ 45 लाख 61 हजार 486 महिला और 562 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।
जयपुर। निर्वाचन विभाग की अंतिम प्रकाशित सूची में कुल 5 करोड़ 15 लाख 19 हजार 929 मतदाता शामिल हैं, जिसमें 2 करोड़ 69 लाख 57 हजार 881 पुरुष, 2 करोड़ 45 लाख 61 हजार 486 महिला और 562 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। 27 अक्टूबर 2025 की पिछली सूची में 5 करोड़ 46 लाख 56 हजार 215 मतदाता थे, यानी एसआईआर प्रक्रिया के बाद कुल 31 लाख 36 हजार 286 नाम कट गए। ड्राफ्ट लिस्ट (16 दिसंबर 2025) में 5 करोड़ 4 लाख 71 हजार 324 मतदाता थे। जिसमें एएसडी(एब्सेंट,शिफ्टेड, डेड वोटर्स)श्रेणी में 41 लाख 84 हजार 891 नाम शामिल नहीं हुए थे। ड्राफ्ट के बाद 12 लाख 91 हजार 365 नए मतदाता जोड़े गए, जबकि 2 लाख 42 हजार 760 नाम हटाए गए, जिससे ड्राफ्ट से फाइनल तक 10 लाख 48 हजार 605 (2.08 प्रतिशत) की बढ़ोतरी हुई।अंता विधानसभा सीट पर एसआईआर की फाइनल वोटर लिस्ट 12 मार्च को प्रकाशित होगी।
ड्राफ्ट लिस्ट के बाद 12 लाख 91 हजार 365 नए वोटर जोड़े गए और ड्राफ्ट लिस्ट के बाद दो लाख 42 हजार 760 कुल वोटर्स हटाए गए। अंतिम मतदाता सूची में लिंगानुपात में दो अंकों की बढोतरी के साथ महिला वोटर्स की संख्या बढ़ी है। ड्राफ्ट लिस्ट के समय प्रति हजार पुरुष पर 909 महिलाएं थी, जो अब 911 हो गई। लिंगानुपात में जयपुर जिले में सात अंक, कोटा में छह अंक और अजमेर, सिरोही, डूंगरपुर, बूंदी, झालावाड़ और बारां में 4 अंकों की बढ़ोतरी हुई। सूची में 18-19 साल के युवा वोटर्स की संख्या में चार लाख 35 हजार 61 (0.82 प्रतिशत) की बढ़ोतरी हुई। प्रदेश में जयपुर जिले में 1.30 प्रतिशत, बाड़मेर में 1.26 प्रतिशत, भरतपुर में 1.22 प्रतिशत, फलौदी में 1.18 प्रतिशत और बूंदी में 1.09 प्रतिशत युवा मतदाता बढ़े। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन के अनुसार वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, हटाने का काम आगे भी जारी रहेगा।
सबसे ज्यादा मतदाता लूणी और कम जोधपुर सीट पर
सूची में सबसे ज्यादा एक लाख 69 हजार 197 पुरुष और एक लाख 52 हजार 394 महिला वोटर्स लूणी में,जबकि सबसे कम 83 हजार 664 पुरुष और 81 हजार 193 महिला वोटर्स जोधपुर शहर विधानसभा सीट पर हैं। पाली में फाइनल वोटर लिस्ट में 27 हजार 633 मतदाता बढ़े, झालावाड़ में 17 हजार 787 मतदाता बढ़े, चूरू में 31 हजार मतदाता बढ़े, श्रीगंगानगर में 21 हजार 683 वोटर्स बढ़े। जोधपुर जिले में दो लाख से ज्यादा वोटर्स के नाम कट गए। पूर्व सीएम अशोक गहलोत के सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 51 हजार नाम हटाए गए, जबकि ओसियां में सबसे कम नाम कटे। मंत्री जोराराम कुमावत की विधानसभा में नौ हजार से ज्यादा वोटर्स बढ़े हैं। जयपुर जिले में वोटर्स संख्या में 3.45 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ संख्या 44.35 लाख हो गई। भरतपुर में जिलें में 2.78 प्रतिशत वोट बढ़े। बारां जिले में 1.85 प्रतिशत वोटर्स बढे़। फलौदी में 3.22 प्रतिशत, सिरोही में 2.72 प्रतिशत और बूंदी में 2.71 प्रतिशत वोटर्स बढ़े।
शिकायतों में कांग्रेस पीछे, बढ़ेगा सियासी पारा
एसआईआर की शुरूआती प्रक्रिया में प्रदेश में 41.85 लाख नाम कटे थे। निर्वाचन विभाग के नामों को लेकर दावे और आपत्तियों को लेकर कांग्रेस ने केवल 12 नाम कटवाने के लिए प्रपत्र और भाजपा ने 21 हजार 971 आवेदन किए। प्रदेशभर में कुल 1.42 लाख नाम काटने को लेकर शिकायतें दर्ज हुई। दूसरी ओर मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए 12 लाख 83 हजार से अधिक दावे सामने आए। इस पूरी प्रक्रिया में बीएलए की अहम भूमिका रही। भाजपा के 2 हजार 316 बीएलए सक्रिय रूप से दावे-आपत्तियां दर्ज कराने मंे जुटे रहे, जबकि कांग्रेस के 111 एजंेट ही सक्रिय नजर आए। कांग्रेस ने भाजपा पर फर्जी शिकायतें दर्ज करने के आरोप लगाते हुए कई जिलों में कलक्टरों को ज्ञापन भी सौंपे।
एसआईआर 2026 के प्रमुख आंकड़े
(27 अक्टूबर, 2025 से 21 फरवरी, 2026)
27 अक्टूबर, 2025 को कुल मतदाता: 5,46,56,215
ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं हो सकने वाले मतदाता: 41,84,891
16 दिसम्बर, 2025 को ड्राफ्ट सूची में कुल मतदाता: 5,04,71,324
ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद हटाए गए मतदाता: 2,42,760
अंतिम प्रकाशन (199 विधानसभा) में कुल मतदाता: 5,15,19,929

Comment List