विद्युत विनियामक आयोग के कार्यालय में लगी आग : फर्नीचर और सामान जला, कोई जनहानि नहीं
आग में कोई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड नष्ट नहीं हुआ
कार्यालय की चौथी मंजिल पर शुक्रवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। धुआं देख सुरक्षाकर्मी ने सूचना दी, जिसके बाद दमकल ने समय रहते आग बुझा ली। फर्नीचर व कुछ कागज जले, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। आग के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं।
जयपुर। जयपुर स्थित राजस्थान विद्युत विनियामक आयोग के कार्यालय में शुक्रवार दोपहर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी हो गई। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई। ज्योति नगर थाना क्षेत्र में स्थित राजस्थान विद्युत विनियामक आयोग के कार्यालय की चौथी मंजिल पर दोपहर करीब 3 बजे अचानक आग लग गई। आग लगने से फर्नीचर और कुछ कागज जल गए।
विद्युत लोकपाल कार्यालय के निजी सहायक राजेश कुमार के अनुसार धुआं निकलता देख सबसे पहले सुरक्षाकर्मी मनपाल को इसकी जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों का कहना है कि आग में कोई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड नष्ट नहीं हुआ है। घटना के समय हॉल बंद पड़ा था, जिससे आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आयोग के अध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि आग लगना गंभीर है। आग के कारणों की जांच के लिए विशेष जांच करवाई जाएगी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

Comment List