शुरू होने से पहले ही हवा हुई जयपुर-मुंबई फ्लाइट, 7 दिन में एक भी उड़ान नहीं
स्पाइसजेट की नई फ्लाइट का शेड्यूल फेल
जयपुर। एयरपोर्ट से जयपुर मुंबई के बीच स्पाइसजेट की फ्लाइट 7 नवंबर से शुरु की गई थी लेकिन अभी तक यह फ्लाइट संचालित नहीं हो पाई है। एयरलाइन ने फ्लाइट संख्या एसजी- 701 और एसजी-702 का संचालन शुरू करने के साथ ही इसका शेड्यूल तय किया गया था। वहीं जयपुर से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट के संचालन नियमित नहीं हो पा रहा है। एयरलाइंस के शेड्यूल के अनुसार फ्लाइट का मुंबई से जयपुर आने का समय शाम 8.30 बजे था। जयपुर से मुंबई रवाना होने का समय रात 9.30 निर्धारित होने के बाद पिछले सात दिनों में एक भी दिन इस फ्लाइट का संचालन नहीं हुआ। नई फ्लाइट शुरू होने से जयपुर और मुंबई के बीच एयर कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद थी, लेकिन लगातार उड़ानें प्रभावित रहने से पैसेंजर्स को निराशा का सामना करना पड़ रहा है।
दुबई की फ्लाइट भी लगातार प्रभावित
स्पाइसजेट की जयपुर दुबई फ्लाइट का संचालन नियमित नहीं हो पा रहा है। इस मार्ग पर उड़ानें रद्द होने और देरी से संचालित होने की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। मुंबई और दुबई जैसे महत्वपूर्ण रूट पर फ्लाइटों के प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Comment List