जयपुर एयरपोर्ट पर बदलेगा फ्लाइट शेड्यूल : कई शहरों के लिए बढ़ेगी एयर कनेक्टिविटी, मुंबई के लिए रोजाना 13 फ्लाइट
कुल फ्लाइट्स की संख्या 65 से अधिक रहने की संभावना
जयपुर। जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन का नया विंटर शेड्यूल लागू होने जा रहा है। इसके साथ ही जयपुर से देश के कई शहरों के लिए एयर कनेक्टिविटी बढ़ने की संभावना है। वर्तमान में जयपुर एयरपोर्ट से रोजाना औसतन 47 घरेलू फ्लाइट संचालित हो रही हैं, जबकि विंटर शेड्यूल में इनकी संख्या 60 के पार पहुंच सकती है। कुल फ्लाइट्स की संख्या 65 से अधिक रहने की संभावना है। पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ एयर कनेक्टिविटी बढ़ने से यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में जयपुर से मुंबई के लिए सबसे अधिक 8 फ्लाइट संचालित हो रही हैं। विंटर शेड्यूल में मुंबई के लिए रोजाना 13 फ्लाइट होंगी। इनमें इंडिगो की 5, एयर इंडिया की 3, एयर इंडिया एक्सप्रेस की 3, स्पाइसजेट और अकासा एयर की एक-एक फ्लाइट शामिल होगी। दिल्ली के लिए अभी 6 फ्लाइट हैं, जो बढ़कर औसतन 9 हो जाएंगी। इनमें इंडिगो की 5, एयर इंडिया की 2, एयर इंडिया एक्सप्रेस और एलायंस एयर की एक-एक फ्लाइट होगी। बेंगलूरु के लिए 7, हैदराबाद और कोलकाता के लिए 4-4 तथा अहमदाबाद के लिए 4 फ्लाइट संचालित होंगी। पुणे के लिए 2 फ्लाइट रहेंगी।
इन शहरों के लिए भी बढ़ेगी कनेक्टिविटी
उदयपुर, चंडीगढ़, लखनऊ और इंदौर के लिए 2-2 फ्लाइट संचालित होंगी। देहरादून, गुवाहाटी और जोधपुर के लिए एक-एक फ्लाइट होगी। जोधपुर की फ्लाइट का शेड्यूल फाइनल हो चुका है। इंडिगो की यह फ्लाइट जयपुर से सुबह 7:35 बजे रवाना होगी। एयरलाइंस की ओर से जैसलमेर, वाराणसी, धर्मशाला और भोपाल जैसे शहरों के लिए भी फ्लाइट शुरू करने की तैयारी है। हालांकि इन रूटों का अंतिम शेड्यूल अभी जारी नहीं हुआ है। डीजीसीए स्तर पर प्रस्ताव पेश किए जा चुके हैं और अक्टूबर मध्य तक अंतिम मंजूरी मिलने की संभावना है।

Comment List