सरिस्का टाइगर रिजर्व में नियम तोड़ने वालों पर सख्ती : फ्लाइंग स्क्वाड की कार्रवाई, 10 वाहनों से वसूला जुर्माना
10 वाहनों से 7000 रुपए का जुर्माना वसूला
सरिस्का टाइगर रिजर्व में नियम तोड़ने पर प्रशासन सख्त दिखा। फ्लाइंग स्क्वाड ने पांडुपोल व बांदीपूल मार्ग पर कार्रवाई करते हुए वन्यजीवों को खाना खिलाने, वाहन से उतरने और कच्चे रास्तों पर जाने वालों पर शिकंजा कसा। 10 वाहनों से 7,000 रुपए जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने चेताया—उल्लंघन पर आगे कड़ी कार्रवाई होगी, सभी से नियम पालन की अपील।
जयपुर। सरिस्का टाइगर रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए फ्लाइंग स्क्वाड के माध्यम से कार्रवाई की है। वन संरक्षक एवं क्षेत्र निदेशक, सरिस्का बाघ परियोजना संग्राम सिंह कटियार के निर्देशन में नियमित गश्त के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर नियमों की अनदेखी सामने आई। जानकारी के अनुसार, पांडुपोल मंदिर जाने वाले मार्ग पर श्रद्धालुओं द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों का उल्लंघन किया गया। इसमें वन्यजीवों को खाद्य सामग्री खिलाना, वाहन से नीचे उतरना और मुख्य मार्ग छोड़कर कच्चे रास्तों पर वाहन ले जाना शामिल है। वहीं, बांदीपूल मंदिर के आसपास भी वन्यजीवों को खाना खिलाते लोग पाए गए। इन दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई के दौरान कुल 10 वाहनों से 7000 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वन्यजीवों को खाना खिलाने से उनके प्राकृतिक आहार और व्यवहार पर प्रतिकूल असर पड़ता है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका बढ़ जाती है। इसके अलावा, वाहन से उतरना और निर्धारित मार्ग से हटना श्रद्धालुओं और वन्यजीवों दोनों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। सरिस्का टाइगर रिजर्व प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे वन्यजीवों को किसी भी प्रकार की खाद्य सामग्री न दें, वाहन से नीचे न उतरें और दर्शन के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में ऐसे उल्लंघनों पर और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Comment List