राजस्थान विश्वविद्यालय में पहली बार चारों संघटक कॉलेजों में महिला प्राचार्य, महिला नेतृत्व को मिला बढ़ावा
शिक्षकों ने किया नियुक्तियों का स्वागत
जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय के चारों संघटक कॉलेजों में महिला प्राचार्यों की नियुक्ति से विश्वविद्यालय में हर्ष और उत्साह का माहौल है। इसे उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इन नियुक्तियों का शिक्षकों ने स्वागत किया है। वहीं, महिला शिक्षकों में भी खुशी का माहौल है। महिला प्राचार्यों की नियुक्ति से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को नई पहचान मिली है। शिक्षकों का मानना है कि शैक्षणिक संस्थानों में महिलाओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलने से अन्य महिला शिक्षकों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। इससे कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों, प्रशासनिक व्यवस्था और विद्यार्थियों से जुड़े कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
राजस्थान विश्वविद्यालय प्रदेश के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल है। ऐसे में चारों संघटक कॉलेजों में महिला प्राचार्यों की नियुक्ति को महिला सशक्तीकरण और समान अवसरों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शिक्षकों ने इन नियुक्तियों का स्वागत करते हुए इसे सकारात्मक पहल बताया। महिला शिक्षकों ने भी इस पर प्रसन्नता व्यक्त की। विश्वविद्यालय परिसर में इन नियुक्तियों को लेकर उत्साह का माहौल है।

Comment List