वनरक्षक भर्ती-2020 : डमी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलाने वाली महिला वनरक्षक गिरफ्तार, पूछताछ जारी
जालौर से पुलिस सत्यापन कराकर वनरक्षक पद पर नियुक्ति
जयपुर। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने वनरक्षक भर्ती परीक्षा 2020 में अपने स्थान पर डमी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलवाने के मामले में मूल अभ्यर्थी एवं वर्तमान में कार्यरत वनरक्षक प्रमिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 30 जून 2026 को गिरफ्तार कर मामले में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) श्री विशाल बंसल ने बताया कि वनरक्षक भर्ती परीक्षा 2020 का आयोजन राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा वर्ष 2022 में कराया गया था। जांच में सामने आया कि अभ्यर्थी प्रमिला ने 13 नवंबर 2022 को राजसमंद जिले के कांकरोली स्थित बी.एन. कॉलेज परीक्षा केंद्र पर अपने स्थान पर डमी अभ्यर्थी को बैठाकर परीक्षा दिलवाई। इसके आधार पर उसका अंतिम चयन वनरक्षक पद पर हो गया और उसने नौकरी भी ज्वाइन कर ली।
जांच में यह भी सामने आया कि प्रमिला के खिलाफ पहले से ही रीट भर्ती परीक्षा 2021 से संबंधित प्रकरण संख्या 125/2021 सिंधी कैम्प थाना, जयपुर पश्चिम में दर्ज था। उस मामले में भी वह अपने स्थान पर डमी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलवाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन परीक्षा से पहले ही पुलिस ने मूल एवं डमी अभ्यर्थी को पकड़ लिया था। इसके बावजूद प्रमिला ने पुलिस सत्यापन के दौरान अपने विरुद्ध दर्ज मामले की जानकारी छिपाई और सांचौर थाना, जालौर से पुलिस सत्यापन कराकर वनरक्षक पद पर नियुक्ति प्राप्त कर ली।

Comment List