एसएमएस अस्पताल में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना ने तोड़ा दम, भरतपुर में माइनिंग विवाद के दौरान हुए थे घायल
घटना में अतर सिंह भड़ाना गंभीर रूप से घायल हुए थे
जयपुर। भरतपुर जिले के वैर थाना क्षेत्र में माइनिंग लीज और क्रेशर संचालन को लेकर हुए विवाद में घायल बयाना के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। रायपुर-भोंडा गांव के ग्रामीणों और क्रेशर संचालक पक्ष के बीच हुई मारपीट व फायरिंग में भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर किया गया था।
विवाद पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना की माइनिंग लीज और क्रेशर संचालन को लेकर चल रहा था। रायपुर-भोंडा गांव के ग्रामीण इस मुद्दे पर पिछले दो वर्षों से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच टकराव हुआ, जो मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया। घटना में अतर सिंह भड़ाना गंभीर रूप से घायल हुए थे।
पूर्व विधायक की मौत के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए भरतपुर जिले के वैर थाना क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। भरतपुर से अतिरिक्त पुलिस बल भी वैर भेजा गया है। पुलिस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति पर नजर रखने में जुटी है।

Comment List