फॉर्च्यूनर रोकी, कुल्हाड़ी से काट डाला! हिस्ट्रीशीटर की सरेआम हत्या
विजय बाजिया की बेरहमी से हत्या
जयपुर। करधनी के रावण गेट स्थित जगदम्बा नगर कॉलोनी में बुधवार को कैम्पर सवार करीब आधा दर्जन बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद बदमाश कैम्पर गाड़ी लेकर फरार हो गए। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हमलवारों की तलाश और पहचान के लिए अलग अलग टीमें लगा कर कार्रवाई शुरू कर दी है। विजय अपनी फॉर्च्यूनर कार में जोबनेर से जयपुर आ रहा था। इसी दौरान कैंपर गाड़ी में सवार होकर आए करीब आधा दर्जन हमलावरों ने उसकी कार का रास्ता रोक लिया और फिर नीचे उतरकर विजय पर हमला बोल दिया।
एसीपी झोटवाड़ा शिवकुमार भारद्वाज ने बताया कि घटना बुधवार शाम करीब पौने आठ बजे की है। कधनी के रावण गेट स्थित जगदम्बा नगर में कैम्पर सवार हमलावरों ने हिस्ट्रीशीटर विजय पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। वहीं एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य इक्ट्ठा कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंम्भिक तौर पर पुलिस आपसी रंजिश का मामला मान रही है।
मोबाइल में कैद हुई वारदात
वारदात के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पूरी घटना को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में ए श्रैणी की नाकाबंदी करवाई और हमलावरों की तलाश में अभियान शुरू किया है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
गैंगवार से जुड़ी होने की आशंका
विजय बाजिया की हत्या को गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और हमलावरों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है। पुलिस आपसी रंजिश सहित अन्य संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें जुटाई हैं।

Comment List