पंचायत चुनाव का चौथा चरण कल, 4.07 लाख मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का इस्तेमाल
14 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए वोट डाले जाएंगे
जयपुर। प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव का चौथा और अंतिम चरण 14 नवंबर को होगा। जिसमें करीब 4.07 लाख मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। वोटिंग के लिए मतदान दल शुक्रवार को जयपुर के सीकर रोड स्थित श्री भवानी निकेतन कॉलेज से रवाना होंगे। इससे पहले मतदान कार्मिकों का अंतिम प्रशिक्षण होगा और उन्हें ईवीएम सहित चुनाव सामग्री सौंपी जाएगी। राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव के चौथे और अंतिम चरण के लिए मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस चरण के तहत 14 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए वोट डाले जाएंगे, जबकि 16 नवंबर को ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान होगा।
आगामी चुनाव प्रक्रिया और परिणामों का कार्यक्रम: चौथे चरण का मतदान पूरा होने के बाद सभी की निगाहें जिला मुख्यालयों पर होने वाली मतगणना पर टिकी होंगी। चारों चरणों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए डाले गए मतों की गिनती एक साथ 20 नवंबर को जिला मुख्यालयों पर की जाएगी। नतीजों के बाद प्रमुख पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू होगी। 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 26 नवंबर को उपजिला प्रमुख का चुनाव होगा। इसके बाद 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान और 28 नवंबर को उपप्रधान के चुनाव के साथ ही प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव की यह संपूर्ण प्रक्रिया पूरी होगी।
चौथे चरण के प्रमुख तथ्य चौथे चरण का मतदान राज्य के 25 जिलों की जिला परिषदों और 116 पंचायत समितियों के अंतर्गत आने वाली 3,747 ग्राम पंचायतों में संपन्न होगा। निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार चौथे चरण की नामांकन प्रक्रिया के बाद 1,754 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिए हैं, जबकि 11 सीटों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। पंचायत समिति सदस्यों के लिए ईवीएम के माध्यम से सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए 15 नवंबर को नामांकन दाखिल करने, जांच और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 16 नवंबर को बैलेट पेपर से सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोटिंग होगी और शाम को मतदान समाप्ति के तुरंत बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ही मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा।

Comment List