जेन जी में गांधीवादी विचार प्रवेश कर रहे हैं: कुमार प्रशांत
स्वतंत्रता सेनानी के संस्मरणों का हुआ लोकार्पण
जयपुर। स्वतंत्रता सेनानी स्व. रघुवर दयाल चतुर्वेदी के जेल अनुभवों पर आधारित पुस्तक संघर्ष: सड़कों से सलाखों तक का लोकार्पण नारायण सिंह सर्किल स्थित पिंक सिटी प्रेस क्लब में शनिवार को किया गया। इस अवसर पर भारतीय युवा एवं पूर्ण स्वराज विषय पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन भी हुआ, जिसमें देश के प्रतिष्ठित विचारकों और राजनेताओं ने अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में गांधी शांति प्रतिष्ठान दिल्ली के अध्यक्ष कुमार प्रशांत, आदर्श नगर विधायक रफीक खान, शिक्षाविद मृदुला सामवेदी, गांधीवादी शिक्षाविद बीएम शर्मा और वक्ता दीपक राय सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
कुमार प्रशांत ने कहा कि आज की जेन जी पीढ़ी में गांधीवादी विचार प्रवेश कर रहे हैं, जिसका जीवंत उदाहरण हाल ही में जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शनों में देखने को मिला। वक्ता दीपक राय ने कहा कि इतिहास केवल तिथियों या घटनाओं का संग्रह नहीं है, बल्कि यह एक निरंतर प्रक्रिया है। विधायक रफीक खान ने वर्तमान परिदृश्य पर चिंता जताते हुए कहा कि आज लोकतंत्र को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जेन जी आंदोलनों में हर युवा का नेतृत्वकर्ता के रूप में उभरना यह साबित करता है कि देश के युवा सजग हैं और देश सुरक्षित हाथों में है। कलमकार मंच द्वारा प्रकाशित पुस्तक की संपादक सुनीता चतुर्वेदी ने बताया कि यह पुस्तक उनके पिता के संस्मरणों पर आधारित है।

Comment List