भू्रण लिंग जांच में लिप्त गिरोह का भंडाफोड़ : गर्भ में लिंग जांच के लेते थे 80 हजार; फ्लैट से पोर्टेबल मशीन भी जब्त, डॉ राजावत सहित एक महिला, एक पुरुष गिरफ्तार
बड़ी कार्रवाई: जयपुर में भ्रूण लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़
राजस्थान PCPNDT टीम ने जयपुर में डिकॉय ऑपरेशन कर अवैध भ्रूण लिंग जांच गिरोह को दबोचा है। डॉ. शेरसिंह समेत तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए, जबकि मुख्य आरोपी हरी कुमावत आदतन अपराधी और बिना डिग्री जांचकर्ता निकला। टीम ने 80 हजार रुपये और पोर्टेबल सोनोग्राफी मशीन जब्त कर फ्लैट में चल रहे इस काले कारोबार को उजागर किया।
जयपुर। चिकित्सा विभाग की पीसीपीएनडीटी सैल की टीम ने गुरूवार को जयपुर के सांगानेर-मानसरोवर इलाके में गर्भ में भू्रण लिंग जांच करने वाले गिरोहों का डिकॉय ऑपरेशन कर भंडाफोड किया है। इस ऑपरेशन के दौरान मुहाना रोड के केसर चौराहे पर कुबेर हैल्थ केयर क्लिनिक से 48 वर्षीय दौसा निवासी डॉ.शेरसिंह राजावत सहित एक व्यक्ति और एक महिला को पकड़ा है। बाकी एक व्यक्ति अभी फरार है। वहीं सोनोग्राफी से भू्रण लिंग जांच करने की पोर्टेबेल मशीन भी जब्त की गई है। एनएचएम के निदेशक डॉ.अमित यादव ने बताया कि मुखबिर से सूचना के बाद पीसीपीएनडीटी सैल के सीआई सत्यपाल यादव के नेतृत्व में टीम गठित की। एक गर्भवती महिला को इसके लिए तैयार किया गया।
महिला को डॉ.शेर सिंह के क्लीनिक पर भेजा गया। जहां जांच की एवज में महिला से 80 हजार रूपए लिए गए। इसके बाद महिला को जगबीर नाम का व्यक्ति अपनी गाड़ी में बिठाकर सांगानेर के चौरडिया पेट्रोल पंप लेकर गया। यहां से उसे दूसरा व्यक्ति कोटपूतली निवासी हरी कुमावत अपनी सेंट्रो कार में मयूर रेजीडेंसी के फ्लैट नंबर 16 में ले गया। जहां पोर्टेबल मशीन से जांच कर भू्रण लिंग जांच में गर्भ में बेटी होना बताया। गर्भवती का इशारा मिलती ही टीम ने मौके से झूंझुनूं की हनुमानपुरा की शिला देवी और हरी कुमावत को दबोचा। डॉक्टर को पहले ही पकड़ लिया गया था।
आदतन अपराधी है कुमावत, बिना डिग्री जांच करता है
पीसीपीएनडीटी के पीडी डॉ.राकेश मीणा ने बताया कि हरी कुमावत आदतन अपराधी है। पहले भी भू्रण लिंग जांच में उस पर दो एफआईआर दर्ज है। केवल दसवीं पास है और बिना डिग्री जांच करता है। पकड़ी गई महिला शिला देवी भी कम पढ़ी लिखी है। वह भी कुमावत के पास महिलाओं को जांच को भेजती थी। डॉक्टर की डिग्री की भी जांच चल रही है।

Comment List