गोविंद देवजी मंदिर पार्किंग से वाहन चुराने वाली गैंग पकड़ी, 3 आरोपी गिरफ्तार
चोरी की 10 बाइक-स्कूटी बरामद
जयपुर। माणकचौक थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक स्कूटी सहित 10 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर के अलग अलग क्षेत्रों में दर्जनों वाहन चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। डीसीपी उत्तर करण शर्मा ने बताया कि आरोपी संजय खाींची (26) चांदमारी बस्ती भट्टा बस्ती, संजय राजपूत उर्फ संजू (26) शास्त्री नगर और ऋतिक (22) भट्टा बस्ती को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के खिलाफ अन्य थानों में भी प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना संजय राजपूत उर्फ संजू अपने साथियों के साथ मिलकर मंदिरों, सब्जी मंडियों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों की पार्किंग की रेकी करता था। मौका मिलते ही दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें औने-पौने दामों में बेचते थे। आरोपी चोरी किए गए वाहनों पर रखे हेलमेट भी चुरा लेते थे और उन्हें 100-150 रुपए में बेचकर नशा करते थे। बरामद वाहनों में माणकचौक, रामगंज, कोतवाली, विधायकपुरी और मोती डूंगरी थाना क्षेत्रों से चोरी की गई बाइक और स्कूटी शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

Comment List