सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी ने पहली बार पेश किए गिफ्ट कॉइन एन्वलप, 999 शुद्धता के 1, 2 और 5 ग्राम के सिक्कों की मिलेगी रेंज
दिवाली पर उपहार में दें चांदी के सिक्के
जयपुर। त्योहारों और शुभ अवसरों पर अपनों को दिया गया उपहार यदि परंपरा, शुभता और निवेश का संगम हो तो उसकी अहमियत और बढ़ जाती है। इसी सोच के साथ जयपुर की सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी (एसटीसी) ने दिवाली के अवसर पर पहली बार आकर्षक गिफ्ट कॉइन एन्वलप पेश किए हैं। इनमें चांदी के सिक्कों को खास अंदाज में पैक किया गया है, जिन्हें दिवाली के साथ शादी-विवाह और अन्य शुभ अवसरों पर भी उपहार के रूप में दिया जा सकेगा। एसटीसी की ओर से तैयार इन गिफ्ट पैक में खास ग्लॉसी पेपर पर करेंसी नोट जैसी आकर्षक डिजाइनिंग की गई है। इसके ऊपर 1 ग्राम, 2 ग्राम और 5 ग्राम वजन के स्क्वायर आकार के चांदी के सिक्के लगाए गए हैं। इन सिक्कों में 999 शुद्धता की गारंटी दी गई है। आकर्षक प्रस्तुति के लिए विशेष एन्वलप भी तैयार किए गए हैं। इनकी कीमत खरीदारी के दिन बाजार में प्रचलित चांदी के भाव के आधार पर तय होगी।
सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी के अध्यक्ष कैलाश मित्तल और महासचिव मातादीन सोनी ने बताया कि भारतीय परंपरा में चांदी को शुभता और मां लक्ष्मी के आशीर्वाद से जोड़कर देखा जाता है। दिवाली या शादी जैसे मांगलिक अवसरों पर मित्रों और रिश्तेदारों को चांदी भेंट करने की परंपरा रही है। ऐसे में ये गिफ्ट कॉइन एन्वलप पारंपरिक उपहार को आधुनिक और आकर्षक रूप देने का प्रयास हैं। उन्होंने बताया कि यह उपहार केवल शुभकामनाओं का प्रतीक ही नहीं, बल्कि भविष्य के लिए एक छोटा-सा निवेश भी है। कमेटी को उम्मीद है कि जयपुरवासी इस नई पहल को प्रोत्साहित करेंगे। ग्राहकों की मांग को देखते हुए जल्द ही इसकी नई रेंज भी पेश की जाएगी। बड़े ऑर्डर पर सिक्कों और एन्वलप को ग्राहक के नाम के साथ कस्टमाइज कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा सकेगी।

Comment List