लंपी रोग पर सरकार सख्त, जिलों को मिलेंगे पांच-पांच लाख रुपए
जिला स्तर पर सतत निगरानी रखने के निर्देश
जयपुर। लंपी स्किन डिजीज से प्रभावित गौवंश को समय पर राहत प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है और सभी जिलों को पांच पांच लाख रुपए की व्यवस्था की है। पशुधन भवन स्थित राजस्थान राज्य पशुधन विकास बोर्ड के सभागार में प्रदेश में लंपी स्किन डिजीज की स्थिति की समीक्षा और प्रभावी नियंत्रण के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए पशुपालन विभाग के प्रमुख शासन सचिव विकास सीतारामजी भाले ने लंपी रोग की वर्तमान स्थिति, प्रभावित क्षेत्रों में सर्वेक्षण, टीकाकरण और उपचार व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को रोग की रोकथाम और नियंत्रण के लिए सभी आवश्यक कदम प्रभावी एवं समयबद्ध रूप से उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में पशुपालकों को रोग के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चिकित्साधिकारियों को घर-घर जाकर बीमार पशुओं का सर्वेक्षण करने तथा जिला स्तर पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
विभागीय अधिकारियों को अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय से कार्य करने को कहा गया। पशुपालन निदेशक डॉ. सुरेश चंद मीना ने बताया कि प्रदेश के 10 जिले लंपी रोग से प्रभावित है। मामलों की संख्या में कमी आ रही है, हालांकि अब तक 16 पशुओं की मौत हो चुकी है।

Comment List