बोरवेल के हादसों पर रोक लगाने के लिए जनता के साथ मिलकर अभियान चलाएं सरकार : गहलोत
सरकार जिलावार अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करे
एक खुले बोरवेल गिरने से मासूम आर्यन की मृत्यु बेहद दुखद है। तमाम चुनौतियों के बावजूद जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा की टीम ने अच्छा कार्य किया।
जयपुर। दौसा जिले में बोरवेल में गिरे आर्यन की मौत घटना पर दुख जताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपील की है कि ऐसी घटनाओं पर अंकुश के लिए जनता और सरकार मिलकर अभियान चलाएं। गहलोत ने कहा कि दौसा में एक खुले बोरवेल गिरने से मासूम आर्यन की मृत्यु बेहद दुखद है। तमाम चुनौतियों के बावजूद जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा की टीम ने अच्छा कार्य किया।
खुले बोरवेल में बच्चों के गिरने की घटनाएं लगातार होती रहती हैं। राज्य सरकार द्वारा कई बार इन्हें बन्द करने के आदेश जारी किए जाते रहे हैं। इसके बावजूद गांवों में खुले बोरवेल सामान्य तौर पर मिल जाते हैं। खुले बोरवेल से होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सरकार एवं जनता मिलकर अभियान चलाएं, क्योंकि दूर-दराज के इलाकों में ऐसे बोरवेल की जानकारी प्रशासन को बिना जनसहयोग के नहीं चल सकती है। इसके लिए सरकार जिलावार अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करे एवं सर्वे करवाकर खुले बोरवेल बंद करवाने का अभियान चलाएं, जिससे भविष्य में ऐसी जनहानि ना हो।

Comment List