गोविंद डोटासरा का पलटवार, मदन राठौड़ के बयान को बताया देशद्रोह
हमेशा राष्ट्र-विरोधी ताकतों के साथ रही भाजपा
जयपुर। पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान अगर अमेरिका और पाकिस्तान में युद्ध हुआ तो भारत पाकिस्तान के साथ है, पर हमला बोलते हुए पलटवार किया है। उन्होंने इसे आतंकी मुल्क के प्रति पाकिस्तानी प्रेम करार दिया, जो भारतीय नागरिकों की हत्या, देश में आतंक फैलाने और सीमा पर जवानों को निशाना बनाने का काम करता है।
डोटासरा ने कहा कि यह बयान वीर जवानों की शहादत और करोड़ों भारतीयों का अपमान है तथा देशद्रोह है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हमेशा राष्ट्र-विरोधी ताकतों के साथ रही है। आजादी से पहले हिंदू महासभा का मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन, प्रधानमंत्री मोदी का बिन बुलाए पाकिस्तान जाकर बिरयानी खाना, आडवाणी का जिन्ना की मजार पर मत्था टेकना, अटल बिहारी वाजपेयी की लाहौर बस यात्रा और डोभाल परिवार के व्यापारिक संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के रग-रग में पाकिस्तान बसा है और ये लोग देशद्रोही हैं।

Comment List