मोती डूंगरी गणेश मंदिर में भव्य फागोत्सव का आयोजन : फूलों और गुलाल से मनाई जाएगी होली, भक्त उत्साहपूर्वक लेंगे भाग
सायं 6:00 बजे से 8:30 बजे तक डफ एवं चंग का विशेष आयोजन होगा
मोती डूंगरी गणेश मंदिर में भगवान गणेश के सान्निध्य में भव्य फागोत्सव आयोजित। सुबह फाल्गुनी पोशाक और जयपुरी साफे से श्रृंगार। दोपहर और शाम 4:30 बजे गुलाल-गोटे और पुष्पों से होली खेली जाएगी। शाम 6 से 8:30 बजे डफ-चंग और पारंपरिक शेखावाटी धुनों पर कार्यक्रम।
जयपुर। मोती डूंगरी गणेश मंदिर में भगवान श्री गणेश जी महाराज के सान्निध्य में भव्य फागोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। सुबह भगवान को बसंत ऋतु की फाल्गुनी नवीन पोशाक धारण कराई गई तथा मोट्यार स्वरूप में जयपुरी साफे से उनका विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में पुष्पों से सजा आकर्षक फूलों का मंडप तैयार किया गया है, जिसमें भगवान विराजमान हैं और श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं।
मंदिर के महंत कैलाश शर्मा ने बताया कि दोपहर बाद एवं शाम 4:30 बजे भगवान भक्तों के साथ गुलाल-गोटे और पुष्पों से होली खेली जाएगी।
इसके पश्चात सायं 6:00 बजे से 8:30 बजे तक डफ एवं चंग का विशेष आयोजन होगा, जिसमें शेखावाटी की पारंपरिक धुनों पर भक्तजन उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं। मंदिर प्रशासन द्वारा सजावट, सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारियां भी जोर-शोर से की जा रही हैं। फागोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल बना हुआ है।

Comment List