पर्यटन को नई उड़ान देगा ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाज़ार : जयपुर बना ग्लोबल नेटवर्किंग हब, खरीदारों और भारतीय प्रदर्शकों तक सीमित आयोजन में होंगे अहम बी2बी संवाद
नए व्यावसायिक अवसरों के द्वार खुलेंगे
राजस्थान में आयोजित ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाज़ार एक बार फिर पर्यटन उद्योग को नई दिशा देने के लिए तैयार। 26 से 28 अप्रैल तक द ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार जयपुर में होगा।
जयपुर। राजस्थान में आयोजित ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाज़ार (जीआईटीबी) एक बार फिर पर्यटन उद्योग को नई दिशा देने के लिए तैयार है। 26 से 28 अप्रैल तक द ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार जयपुर में होगा। सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में होने वाले जीआईटीबी 2026 में दो दिनों में 10,000 से अधिक पूर्व निर्धारित एवं बी2बी मीटिंग्स होंगी। यह आयोजन केवल अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और भारतीय प्रदर्शकों तक सीमित रहेगा, जिसमें आम विजिटर्स के लिए प्रवेश नहीं होगा। इस एक्सक्लूसिव प्लेटफॉर्म पर बायर्स और सेलर्स के बीच संरचित और सार्थक बी2बी बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिससे पर्यटन कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि ऐसे इंटरनेशनल मार्ट्स राज्य के पर्यटन उत्पादों की क्षमता और विविधता को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य पर्यटन विभाग यहां राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध पर्यटन उत्पादों और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगा। वहीं, फिक्की की पूर्व अध्यक्ष डॉ. ज्योत्सना सूरी ने इसे देश के पर्यटन विकास के लिए एक महत्वपूर्ण उत्प्रेरक बताया। उन्होंने कहा कि जीआईटीबी टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंट्स को नेटवर्किंग का अनूठा अवसर देगा, जिससे नए व्यावसायिक अवसरों के द्वार खुलेंगे और पर्यटकों के अनुभव और बेहतर बनेंगे।

Comment List