जीएसटी विभाग की चार प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, 4.99 करोड़ की अनियमितता उजागर
आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी
जयपुर। राज्य जीएसटी विभाग ने कर चोरी, फर्जी व रद्द फर्मों से गलत इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) लेने और बिक्री छिपाने के मामलों में चार प्रतिष्ठानों पर सर्वे कार्रवाई की। जयपुर, भिवाड़ी, संगरिया और श्रीगंगानगर में हुई कार्रवाई में प्रारंभिक जांच के दौरान 4 करोड़ 99 लाख 7 हजार 626 रुपए से अधिक की संभावित कर अनियमितता सामने आई। वहीं, संबंधित करदाताओं ने 2 करोड़ 3 लाख 22 हजार 738 रुपए स्वेच्छा से जमा कराए। भिवाड़ी की Virgo Graphics में करीब 50 लाख रुपए की प्रतिबंधित ITC का गलत दावा सामने आया और 74.15 लाख रुपए जमा कराए गए।
जयपुर की Shree Hari Agro Industries में फर्जी व रद्द फर्मों से ITC लेने तथा ब्लॉक ITC के दावे की अनियमितता मिली। यहां करीब 1.33 करोड़ की संभावित देयता सामने आने पर 1.04 करोड़ रुपए जमा हुए। संगरिया की वीर चंद एंड संस में 100 प्रतिशत ITC क्लेम में अनियमितता मिलने पर 10.07 लाख रुपए जमा कराए गए। वहीं श्रीगंगानगर की श्री तायल इंडस्ट्रीज में सीमेंट खरीद और टाइल्स उत्पादन के Yield Ratio में अंतर मिलने पर बिक्री छिपाने की आशंका जताई गई और 15 लाख रुपए जमा हुए। विभाग ने बताया कि चारों मामलों में जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comment List