हज-2027 आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 24 जुलाई तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
आवेदन और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की अपील
जयपुर। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2027 (1448 हिजरी) के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि चार दिन बढ़ाकर 24 जुलाई, 2026 रात 11:59 बजे कर दी है। राजस्थान स्टेट हज कमेटी के पूर्व सदस्य हाजी शाहिद मोहम्मद ने बताया कि जिन हज यात्रियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें। उन्होंने कहा कि हज कमेटी ऑफ इंडिया ने स्पष्ट किया है कि 24 जुलाई के बाद किसी भी परिस्थिति में आवेदन की तिथि आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि 30 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे हज-2027 के लिए डिजिटल कुर्रा (लॉटरी) आयोजित किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर किया जाएगा। प्रावधिक रूप से चयनित सभी हज यात्रियों को 10 अगस्त 2026 तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम हज राशि जमा करानी होगी। यात्रियों से समय पर आवेदन और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की अपील की गई है।

Comment List