फ्लाइट लेट होने पर भड़के हनुमान बेनीवाल, एअर इंडिया और केंद्र सरकार पर साधा निशाना
लेटलतीफी और अव्यवस्था से लाखों यात्री परेशान
जयपुर। जयपुर से दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की उड़ान सोमवार सुबह निर्धारित समय से देरी से रवाना होने पर नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर नाराजगी जताते हुए केंद्र सरकार और एयरलाइन प्रबंधन पर सवाल उठाए। बेनीवाल को संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले दिल्ली पहुंचकर विपक्षी सांसदों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करनी थी, लेकिन उड़ान में हुई देरी के कारण उनका कार्यक्रम प्रभावित हुआ। जानकारी के अनुसार जयपुर-दिल्ली एअर इंडिया की फ्लाइट सुबह 8:50 बजे उड़ान भरने वाली थी, लेकिन तकनीकी या परिचालन कारणों से विमान करीब 1 घंटा 20 मिनट की देरी से सुबह 10:10 बजे रवाना हुआ।
बेनीवाल ने ट्विटर पर लिखा कि देशभर में उड़ानों की लगातार लेटलतीफी और अव्यवस्था से लाखों यात्री परेशान हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू इस गंभीर समस्या पर मौन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का एयरलाइंस के संचालन और समयबद्धता पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों के समय का सम्मान सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। एअर इंडिया को टैग करते हुए उन्होंने लिखा कि उसकी उड़ानें अक्सर विलंब से संचालित होती हैं, लेकिन न तो जवाबदेही तय की जाती है और न ही सुधार के प्रभावी प्रयास दिखाई देते हैं।

Comment List