हथियादेह सिंचाई परियोजना : डूब क्षेत्र के 223 मकानों के लिए मिलेगा 6.89 करोड़ का मुआवजा, चारागाह-वन भूमि में बसे प्रभावितों को मिलेगी राहत
वित्त विभाग से प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है
जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि जल संरचनाओं के विकास कार्यों के साथ-साथ प्रभावित परिवारों को त्वरित न्याय दिलाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
जयपुर। बारां जिले में हथियादेह मध्यम सिंचाई परियोजना के डूब क्षेत्र में आने वाले 223 मकानों के प्रभावितों को विशेष अनुग्रह राशि दी जाएगी। ग्राम करवरीखुर्द और मजरा हथियादेह के प्रभावितों के लिए वित्त विभाग ने 6.89 करोड़ रुपए मुआवजे राशि की मंजूरी दी है।
पहले इन ग्रामों के 223 मकान राजकीय भूमि (चारागाह, सिवायचक एवं वन भूमि) में बसे होने के कारण पहले मुआवजा सूची में शामिल नहीं किए गए थे। इस संबंध में ग्रामीणों ने जल संसाधन मंत्री से भेंट कर अपनी समस्या रखी थी। रावत ने इसे गंभीरता से लेते हुए विभागीय प्रस्ताव को राज्य सरकार तक पहुंचाया। इसी के बाद वित्त विभाग से प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
राहत से मिलेगा संबल
स्वीकृति जारी होने के बाद शीघ्र ही प्रभावित परिवारों को राशि वितरित की जाएगी। इससे मुआवजे का इंतजार कर रहे ग्रामीणों को इस राहत से संबल मिलेगा। साथ ही, परियोजना के निर्माण कार्यों को भी गति मिलेगी। इस निर्णय पर ग्रामीणों ने जल संसाधन मंत्री का आभार व्यक्त किया है। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि जल संरचनाओं के विकास कार्यों के साथ-साथ प्रभावित परिवारों को त्वरित न्याय दिलाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। विशेष अनुग्रह राशि की स्वीकृति मिली है, जिससे प्रभावितों को संबल मिलेगा।

Comment List