दिल दहलाने वाली घटना : अजमत का सिर कंकाल बना, धड़ मिट्टी में दबा मिला
पूरे इलाके में सनसनी और आक्रोश फैल गया
जयपुर। मुहाना थाना क्षेत्र के केश्यावाला रोड स्थित तलाई के नाले में 11 दिन से लापता 10 वर्षीय बालक अजमत का बेहद क्षत-विक्षत शव गुरुवार शाम बरामद हुआ। बालक का सिर पूरी तरह कंकाल में बदल चुका था, जबकि धड़ मिट्टी में दबा मिला। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी और आक्रोश फैल गया है। पुलिस हत्या, अपहरण समेत सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है। मौके पर पहुंचकर खुद डीसीपी साउथ राजर्षि राज वर्मा ने घटनास्थल का जायजा लिया और टीम में गठित की। इन टीमों ने बच्चे परिजन समेत अन्य व्यक्तियों की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैलने पर दो स्थानीय बच्चों ने सड़क किनारे मानव सिर दिखाई देने की सूचना दी। सूचना मिलते ही मुहाना थाना पुलिस, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान सड़क के नीचे बने ड्रेनेज पाइप से बालक का धड़ मिट्टी में दबा हुआ निकाला गया। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान अपने 10 वर्षीय बच्चे अजमत के रूप में की। शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया है।
अजमत का परिवार करीब सात वर्ष पहले बिहार के दरभंगा से जयपुर आकर बसा था। अजमत 14 जून को खेलने के लिए घर से निकला था और उसके बाद लापता हो गया। 15 जून को मुहाना थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शव मिलने की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। हत्या के अलावा अपहरण गैंग रेप समेत अन्य संभावित कोणों पर जांच चल रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है।

Comment List