रीको सेज में 1.83 करोड़ की हाईटेक जांच मशीनें लगेंगी, निर्यातकों को मिलेगी बड़ी राहत
सोने-हीरे की गुणवत्ता जांच होगी अत्याधुनिक तकनीक से
जयपुर। रीको के सीतापुरा स्थित विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज-1 एवं सेज-2) में जल्द ही करीब 1.83 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक कैरेट मीटर, एक्स-रे और सिंथ डिटेक्ट मशीनें स्थापित की जाएंगी। इन मशीनों से सोने की शुद्धता की सटीक जांच और प्राकृतिक व लैब-ग्रोन (कृत्रिम) हीरों की पहचान संभव होगी।
भारत सरकार लंबे समय से इन मशीनों की स्थापना की मांग कर रही थी। वर्तमान में सेज-1 में 33 और सेज-2 में 119 औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। वर्ष 2025-26 में दोनों सेज से 8,565 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ, जबकि 294 करोड़ रुपये का निवेश और 39 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। दूसरी ओर, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत रीको ने भूमि हस्तांतरण, नाम परिवर्तन, शेयरहोल्डिंग, विलय, डी-मर्जर और पुनर्गठन जैसी प्रक्रियाओं को सरल बनाते हुए उद्योगों के लिए निवेश और संचालन को अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाया है।

Comment List