राज्य में NHAI के 452 किमी से अधिक लंबाई के हाईवे प्रोजेक्ट्स निर्माणाधीन, दुर्घटनाओं और ट्रैफिक कंजेशन में आएगी कमी
सांभर रोड पर 6.26 किमी लंबी एलिवेटेड संरचना का निर्माण भी जारी
राजस्थान में नेशनल हाईवे प्राधिकरण (NHAI) की ओर से संचालित कई परियोजनाओं पर कार्य तेजी से प्रगति पर है
जयपुर। राजस्थान में नेशनल हाईवे प्राधिकरण (NHAI) की ओर से संचालित कई परियोजनाओं पर कार्य तेजी से प्रगति पर है। ब्लैक स्पॉट्स की पहचान और सुधार के लिए 97 स्थानों पर काम जारी है। NH-52 और NH-58 पर 9.97 किमी क्षेत्र प्रभावित है, जिसमें 192 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण कार्य जारी है। इस परियोजना की शुरुआत 4 जुलाई 2024 से हुई और इसे 4 अप्रैल 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। यह प्रोजेक्ट दुर्घटनाओं में कमी लाने में सहायक होगा।
जयपुर के सांभर रोड पर 6.26 किमी लंबी एलिवेटेड संरचना का निर्माण भी जारी है। 186.495 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना का अब तक 22.70% कार्य पूर्ण हो चुका है। परियोजना का आरंभ 12 जुलाई 2024 को हुआ था और इसे 11 जुलाई 2026 तक पूरा करने की योजना है। यह प्रोजेक्ट ट्रैफिक कंजेशन में कमी लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
राज्य में NHAI के 452 किमी से अधिक लंबाई के हाईवे प्रोजेक्ट्स निर्माणाधीन हैं, जिन पर 8696.44 करोड़ रुपए से अधिक की लागत आ रही है। इनमें 283.56 किमी के EPC और 168.99 किमी के HAM प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। अब तक 406.5 किमी क्षेत्र का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। विभिन्न परियोजनाएं 10% से 99% प्रगति के चरण में हैं और कई 2025 के अंत तक पूरी हो जाएंगी। इन परियोजनाओं से प्रदेश की अर्थव्यवस्था और यातायात प्रबंधन को नई दिशा मिलेगी।

Comment List