पूर्वी राजस्थान में बारिश से ढह गए मकान, कल तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
चंबल नदी का जलस्तर एक रात में आठ मीटर के आसपास बढ़ गया
जयपुर। प्रदेश में एक बार फिर सक्रिय हुए मानसून से रविवार को पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी रहा। दौसा और धौलपुर जिलों के कई हिस्सों में बारिश का पानी दुकान और घरों में घुस गया। धौलपुर में लगातार बारिश के चलते चंबल नदी का जलस्तर एक रात में आठ मीटर के आसपास बढ़ गया। चित्तौड़गढ़ के बड़ी सादड़ी कस्बे में तीन घंटे में दो इंच पानी बरसा। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि बारिश का दौर आठ सितम्बर तक जारी रह सकता है और इसके बाद एक सप्ताह बारिश की संभावना कम है।
अलग अलग अंचलों से मिली जानकारी के अनुसार, दौसा के महवा क्षेत्र के एक गांव में बारिश के चलते एक मकान ढह गया,लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। शहर में कई जगह जलभराव के साथ फसलों को भी नुकसान हुआ है। धौलपुर के भी एक गांव में बारिश से मकान ढह गया। धौलपुर में पार्वती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से डैम के चार गेट खोले गए। चंबल नदी का जलस्तर करीब 129 मीटर तक पहुंच गया, जिस कारण आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है। बारां जिले में कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से रास्ते बंद होने से ग्रामीण इलाकों में लोग परेशानी झेल रहे हैं। लगातार बारिश के कारण झालावाड़ के कालीसिंध और छापी डैम का जलस्तर बढ़ने से इन बांधों से पानी की निकासी की जा रही है। जयपुर में रविवार को दिन में बादल छाए रहे लेकिन बारिश कम हुई। मौसम विभाग अनुसार वेलमार्ग लो प्रेशर सिस्टम की वजह से मानसून यूपी, एमपी और राजस्थान तीनों की सीमा पर सक्रिय है, इस कारण सीमा रखे से सटे इन क्षेत्रों में बारिश का दौर बना हुआ है।
चार इंच तक बरसा पानी, कई बांध ओवरफ्लो :
पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा सवाईमाधोपुर में 102 एमएम पानी बरसा। अलवर, भरतपुर और करौली जिलों में कुछ जगह तीन इंच तक बारिश हुई। अजमेर, बारां, बूंदी, दौसा, धौलपुर, करौली, टोंक, सीकर, कोटा, भीलवाड़ा, अजमेर में कुछ जगह एक से दो इंच बारिश हुई। तेज बारिश के चलते बंध बारैठा भरतपुर का गेट बढ़ने से दो गेट, पार्वती बांध धौलपुर के दो गेट, कालीसिंध बांध झालावाड के तीन गेट और नवनेरा बांध कोटा के सात गेट खोलकर पानी की निकासी की गई। रामसागर बांध धौलपुर और मानसरोवर बांध सवाईमाधोपुर बांध ओवरफ्लो होकर छलक रहा है।

Comment List