तीसरे दिन भी जारी रही सफाई कर्मचारियों की भूख हड़ताल, 26 जून की आम हड़ताल को समर्थन
सुबह करीब 11 बजे जूस पिलाकर हड़ताल से उठाया
जयपुर। संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ के बैनर तले चल रहा आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। संघ के अध्यक्ष नन्दकिशोर डंडोरिया ने बताया कि शनिवार (20 जून) को भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को रविवार सुबह करीब 11 बजे जूस पिलाकर हड़ताल से उठाया गया। इसके बाद नए कर्मचारियों को विधिवत माला पहनाकर क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठाया गया। रविवार को जोनी बेनीवाल, उमेश वाल्मीकि (गंगानगर), आर्यन भारती (गंगानगर), मोहम्मद मुस्तफा, अशोक तम्बोली, महेश चांवरिया, कालूराम तम्बोली, ललित सारवान, लालचन्द टुण्डलायत, अरुण कुमार और हनुमान जाजोटर सहित अन्य कर्मचारियों ने भूख हड़ताल शुरू की।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष सुरेश कल्याणी, पूर्व अध्यक्ष शिवचरण डंडोरिया, जयपुर शहर वाल्मीकि पंच कमेटी के सरपंच मनोज चांवरिया तथा महेन्द्र सियोत्रा सहित कईलोगों ने आंदोलनरत कर्मचारियों को माला पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया और उनकी मांगों का समर्थन व्यक्त किया। भरतपुर सफाई यूनियन के अध्यक्ष अनिल लोहरा भी अपने साथियों के साथ धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों का हौसला बढ़ाते हुए 26 जून को प्रस्तावित आम हड़ताल को पूर्ण समर्थन देने का संकल्प लिया। संघ का कहना है कि जब तक लंबित मांगों का समाधान नहीं होगा, आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।

Comment List