केंद्र से राजस्थान लौटेंगे IAS रोहित कुमार, डीओपीटी ने जारी किए आदेश
राज्य तथा केंद्र सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य
जयपुर। राजस्थान कैडर के 1997 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रोहित कुमार की केंद्र प्रतिनियुक्ति से राजस्थान वापसी का रास्ता साफ हो गया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) ने उनकी राजस्थान कैडर में वापसी के आदेश जारी कर दिए हैं। रोहित कुमार वर्तमान में नीति आयोग में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत हैं। वे 11 जुलाई 2025 से इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। केंद्र में निर्धारित कार्यकाल पूरा करने के बाद अब वे बढ़ी हुई कूलिंग ऑफ अवधि के साथ अपने मूल कैडर राजस्थान लौटेंगे।
सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार उनकी वरिष्ठता और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप सकती है। माना जा रहा है कि उनकी नियुक्ति दिल्ली स्थित राजस्थान के रेजिडेंट कमिश्नर पद के साथ-साथ किसी अहम विभाग के प्रशासनिक नेतृत्व में की जा सकती है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा। रोहित कुमार को प्रशासनिक क्षेत्र में व्यापक अनुभव प्राप्त है और उन्होंने राज्य तथा केंद्र सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उनकी राजस्थान वापसी को राज्य प्रशासन में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

Comment List