1.56 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
गुप्त चैम्बरों से मिली 539 पेटी पंजाब निर्मित शराब
कनवास/दरा। कोटा ग्रामीण पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 56 लाख रुपए मूल्य की पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब जब्त की है। मण्डाना और कनवास थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो मिनी ट्रकों में बनाए गए गुप्त चैम्बरों से कुल 539 पेटी शराब बरामद की गई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहन जब्त कर बाड़मेर निवासी गणेश जाट और जालौर निवासी बीराराम जाट को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। कनवास थाना क्षेत्र में एनएच-52 पर कनवास तिराहे के पास नाकाबंदी के दौरान गुजरात नंबर के मिनी ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक के केबिन के पीछे बने गुप्त बॉक्स से 245 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें 6,684 क्वार्टर और 1,224 बोतलें शामिल थीं। वहीं मण्डाना थाना क्षेत्र में काल्याखेड़ी रेस्ट एरिया के पास गुजरात नंबर के मिनी ट्रक से 294 पेटी शराब जब्त की गई।
कुल 16 हजार 956 क्वार्टर और 2 हजार 64 बोतलें बरामद : दोनों कार्रवाइयों में कुल 16,956 क्वार्टर और 2,064 बोतलें बरामद हुई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्करी नेटवर्क जीपीएस लोकेशन और मोबाइल के माध्यम से संचालित किया जा रहा था तथा चालकों को केवल निर्धारित स्थान तक माल पहुंचाने के निर्देश दिए जाते थे। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
अन्य सदस्यों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी
जिले में अवैध शराब तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मण्डाना और कनवास थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। शराब के स्रोत, सप्लायर और इससे जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा कर गिरोह के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- सुजीत शंकर पुलिस अधीक्षक, कोटा ग्रामीण।

Comment List