गोडावण के पुनर्स्थापन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल : गोडावण संरक्षण को मिलेगी नई मजबूती, रामदेवरा में नवनिर्मित री-वाइल्डिंग एवियरी का उद्घाटन
वन विभाग के अधिकारी भी वीसी के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को रामदेवरा स्थित गोडावण संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र में नवनिर्मित री-वाइल्डिंग एवियरी (पुनर्स्थापन पक्षीगृह) के उद्घाटन कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव तथा राज्य सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा सहित वन विभाग के अधिकारी भी वीसी के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।
गोडावण राजस्थान की विशिष्ट वन्यजीव विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसकी घटती संख्या को देखते हुए संरक्षण और प्रजनन के साथ प्राकृतिक आवास में पुनर्स्थापन के प्रयासों को गति देना आवश्यक है। रामदेवरा स्थित संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। नवनिर्मित री-वाइल्डिंग एवियरी गोडावण के प्राकृतिक वातावरण में पुनर्स्थापन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सहायक होगी। इसके माध्यम से पक्षियों को प्राकृतिक परिस्थितियों के अनुकूल बनाने और उनके व्यवहार को विकसित करने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में वन्यजीव संरक्षण के लिए केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों तथा गोडावण के संरक्षण की दिशा में जारी गतिविधियों पर भी जोर दिया गया। यह पहल राजस्थान में जैव विविधता संरक्षण और दुर्लभ वन्यजीवों के संवर्धन के प्रयासों को नई दिशा प्रदान करेगी

Comment List