जयपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट संचालन में सुधार : अधिकांश उड़ानें समय पर, यात्रियों ने महसूस की राहत
संचालन सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार सुबह के समय इंडिगो की सभी फ्लाइट्स तय शेड्यूल के अनुसार रवाना की जा रही हैं, जिससे यात्रियों ने राहत महसूस की है।
जयपुर। इंडिगो एयरलाइंस के फ्लाइट संचालन में मंगलवार को सुधार देखने को मिला है। पिछले कुछ दिनों से क्रू संकट और अन्य कारणों से प्रभावित हो रही उड़ानें मंगलवार सुबह निर्धारित समय पर संचालित हो रही हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार सुबह के समय इंडिगो की सभी फ्लाइट्स तय शेड्यूल के अनुसार रवाना की जा रही हैं, जिससे यात्रियों ने राहत महसूस की है। मंगलवार को तीन फ्लाइट्स का संचालन रद्द रहा। हालांकि सुबह दिल्ली जाने वाली एक फ्लाइट आज रद्द रहेगी। जयपुर से सुबह 11:35 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली यह फ्लाइट ऑपरेशनल कारणों से रद्द कर दी गई है।
इस उड़ान के यात्रियों को इंडिगो द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था और रिफंड विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी प्रकार इंडिगो की जयपुर से शाम 5:20 बजे हैदराबाद जाने वाली और इंडिगो की जयपुर से शाम 5:30 बजे चेन्नई जाने वाली फ्लाइट रद्द रही। इसके अलावा दोपहर 12 बजे तक इंडिगो की सभी अन्य घरेलू फ्लाइट्स नियमित रूप से संचालित होने की जानकारी मिली है। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि दिनभर उड़ान संचालन सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। यात्रियों को यात्रा से पहले फ्लाइट स्टेटस अवश्य चेक करने की सलाह दी गई है।

Comment List