जयपुर में दिन-दहाड़े ज्वैलर से 10 लाख रुपए के आभूषण लूटे, खरीदारी के बहाने बुलाकर फरार हुए 2 बदमाश
इलाके में सनसनी फैल गई
जयपुर। राजधानी जयपुर में बदमाशों ने दिन-दहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। सिविल लाइंस फाटक के पास दो बदमाश एक ज्वैलर को आभूषण खरीदने का झांसा देकर मिलने के लिए बुलाया और उसके पास से करीब 10 लाख रुपए कीमत के आभूषण लूटकर फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने पहले ज्वैलर को फोन किया और आभूषण खरीदने की बात कहकर सिविल लाइंस फाटक के पास बुलाया। ज्वैलर उनकी बातों में आकर बताए गए स्थान पर पहुंच गया। यहां दोनों बदमाशों ने मौका पाकर करीब 10 लाख रुपए के आभूषण लूट लिए और मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सोडाला थाना पुलिस सक्रिय हो गई और आरोपियों की तलाश में शहरभर में नाकाबंदी करवाई गई। पुलिस ने आसपास के इलाकों में भी आरोपियोंकी तलाश शुरू की है। मामले की जांच एसीपी अशोक नगर कर रहे हैं।
पुलिस अब आरोपियों तक पहुंचने के लिए उस मोबाइल नंबर की डिटेल खंगाल रही है, जिससे ज्वैलर को फोन कर बुलाया गया था। कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों बदमाशों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Comment List