जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या, सिर पर ईंट से वार कर मौत के घाट उतारा
पारिवारिक विवाद में हत्या की आशंका
जयपुर। करधनी थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति ने अपनी पत्नी और तीन बेटियों की कथित तौर पर हत्या कर दी। चारों के सिर पर ब्लॉक की ईंट से वार किए जाने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।
पारिवारिक विवाद में हत्या की आशंका :
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वारदात के वास्तविक कारणों का अभी पूरी तरह खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात से पहले परिवार में किसी तरह का विवाद हुआ था या नहीं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और एफएसएल जांच के आधार पर मामले की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
जांच में जुटी पुलिस :
चार लोगों की हत्या की घटना से इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्या में इस्तेमाल किए गए सामान, घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितिजन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

Comment List