‘ऑक्टेव 2026’ में आठ राज्यों के लोक और शास्त्रीय नृत्य : पारंपरिक परिधान, संगीत, शिल्प और व्यंजनों से रूबरू होंगे जयपुरवासी
आयोजन राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में किया जाएगा
जयपुर। पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध लोक संस्कृति, शास्त्रीय नृत्य, संगीत, पारंपरिक वेशभूषा, शिल्प और खानपान की विविधता 1 से 4 अक्टूबर तक जयपुर में एक साथ साकार होगी। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर की ओर से राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर के सहयोग से चार दिवसीय ‘ऑक्टेव 2026’ का आयोजन राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में किया जाएगा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रतिदिन शाम 7 बजे से होंगी। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर के निदेशक डॉ. आश्विन एम. दलवी ने बताया कि ‘ऑक्टेव’ संस्कृति मंत्रालय का प्रमुख सांस्कृतिक आयोजन है, जिसका उद्देश्य पूर्वोत्तर भारत की कला और सांस्कृतिक विरासत को देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाना और वहां की विविध परंपराओं से लोगों को रूबरू कराना है। इस बार जयपुर में अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा की लोक एवं शास्त्रीय नृत्य परंपराओं, संगीत, पारंपरिक परिधानों, शिल्प, चित्रकला और खानपान की बहुरंगी छवियां देखने को मिलेंगी। राज्यपाल बागडे होंगे मुख्य अतिथि, शेखावत करेंगे अध्यक्षता डॉ. दलवी ने बताया कि समारोह का उद्घाटन 1 अक्टूबर को शाम 7 बजे होगा। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे मुख्य अतिथि होंगे, जबकि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

Comment List