राजस्थान के बांधों में 24 घंटे में 12.15 एमसीएम पानी की बढ़ोतरी : जलभराव 56.41 प्रतिशत, पिछले साल के मुकाबले करीब 22 प्रतिशत कम पानी
बांधों में कुल 7349.803 मिलियन घन मीटर पानी उपलब्ध
जयपुर। प्रदेश में मानसून के दौरान बांधों में पानी की आवक लगातार बनी हुई है। जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान के 693 बांधों में कुल 7349.803 मिलियन घन मीटर पानी उपलब्ध है। यह कुल क्षमता 13029.090 मिलियन घन मीटर का 56.41 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में बांधों के जलभराव में 12.15 मिलियन घन मीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के बांधों में पिछले वर्ष इसी तारीख को 10252.516 मिलियन घन मीटर पानी था, जो कुल क्षमता का 78.69 प्रतिशत था। इस तरह इस वर्ष जलभराव पिछले साल की तुलना में काफी कम है। हालांकि 15 जून 2026 को प्रदेश के बांधों में केवल 5792.479 मिलियन घन मीटर पानी था, जो 44.46 प्रतिशत था।
इसके मुकाबले अब जलभराव में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। कोटा संभाग में सबसे ज्यादा जलभराव जल संसाधन विभाग के क्षेत्रवार आंकड़ों में कोटा क्षेत्र सबसे आगे है। यहां 81 बांधों की कुल क्षमता 4475.53 मिलियन घन मीटर है, जिसमें 3170.31 मिलियन घन मीटर पानी उपलब्ध है। यह 70.84 प्रतिशत है। इसके बाद बांसवाड़ा क्षेत्र में 57.60 प्रतिशत, जयपुर में 55.46 प्रतिशत और उदयपुर में 44.55 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया। जोधपुर क्षेत्र में जलभराव सबसे कम 18.29 प्रतिशत है। 40 बांध पूरी तरह भरे राज्य के 693 बांधों में 209 बांध खाली हैं, जबकि 444 बांध आंशिक रूप से भरे हुए हैं।

Comment List