बीकानेर में स्वतंत्रता दिवस समारोह : CM भजनलाल ने किया ध्वजारोहण, बोले- राजस्थान को बनाएंगे देश का अग्रणी राज्य
मुख्यमंत्री ने परेड का किया निरीक्षण
बीकानेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को बीकानेर के स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय में राज्य स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर शर्मा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस दौरान मुख्यमंत्री को दसवीं आरएसी बटालियन की टुकड़ी ने सलामी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित किये। इस अवसर पर केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल, विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल तथा अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं आमजन मौजूद थे।
राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में भजनलाल ने कहा कि केंद्र की योजनाओं और परियोजनाओं से राजस्थान की तस्वीर और तकदीर बदल रही है। प्रदेश सरकार ने जल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। करीब 91 हजार करोड़ रुपए की योजना से राजस्थान की 40 प्रतिशत आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इससे शेखावाटी क्षेत्र तक भी पानी पहुंचाने का रास्ता साफ हुआ है।
उन्होंने कहा कि सरकार अपराधों के खिलाफ काम कर रही है। रिफाइनरी को राजस्थान के विकास का इंजन बताते हुए उन्होंने ऊर्जा, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी परियोजनाओं का उल्लेख किया। युवा रोजगार पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 410 परीक्षाएं बिना पेपर लीक के कराईं और 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी जारी है। निजी क्षेत्र में भी करीब 4.5 लाख रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। मुख्यमंत्री युवा नीति का उद्देश्य युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है।

Comment List