इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना : सुरंग निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, लाइनिंग पूरी, ट्रैक बिछाने का काम जारी
810 मीटर बैलास्टलेस ट्रैक और 740 मीटर पीसीसी निर्माण कार्य प्रगति पर
जयपुर। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के तहत निर्माणाधीन इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना में सुरंग निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है। 3 अगस्त, 2026 तक की प्रगति के अनुसार, 2957 मीटर लंबी सुरंग में लाइनिंग का कार्य पूरी तरह पूरा कर लिया गया है। अब सुरंग के भीतर बैलास्टलेस ट्रैक बिछाने और अन्य सिविल कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि अब तक 1216 मीटर बैलास्टलेस ट्रैक, 1470 मीटर पीसीसी फाइनल लेयर तथा 2007 मीटर पीसीसी फर्स्ट लेयर का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, 810 मीटर बैलास्टलेस ट्रैक और 740 मीटर पीसीसी निर्माण कार्य प्रगति पर है।
रेलवे निर्माण विभाग शेष ड्रेनेज, बैकफिलिंग और अन्य कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने में जुटा है। परियोजना पूरी होने पर मध्य प्रदेश और गुजरात के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा, यात्रियों को तेज व बेहतर रेल सेवाएं मिलेंगी तथा माल परिवहन के साथ क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

Comment List