ESG के जरिए उद्योगों को मिलेगी नई दिशा, CII राजस्थान ने लॉन्च किया पहला ESG क्लस्टर
कार्बन न्यूट्रैलिटी और सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
जयपुर। कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) राजस्थान ने राज्य में उद्योगों को सतत और जिम्मेदार विकास की राह पर आगे बढ़ाने के उद्देश्य से पहला ESG (एनवायरनमेंटल, सोशल एंड गवर्नेंस) क्लस्टर लॉन्च किया है। जयपुर स्थित CII कार्यालय में आयोजित विशेष सत्र में इस पहल की शुरुआत की गई। यह राज्य का पहला ऐसा क्लस्टर है जो विशेष रूप से ESG मानकों को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बदलते वैश्विक कारोबारी परिदृश्य में ESG केवल नियमों के अनुपालन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता, निवेश आकर्षण और दीर्घकालिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बन चुका है। CII राजस्थान के सस्टेनेबिलिटी एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पैनल के को-कन्वेनर मधुर खेतान ने कहा कि यह क्लस्टर कार्बन न्यूट्रैलिटी की दिशा में नया बेंचमार्क स्थापित करेगा और उद्योगों को पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति अधिक जागरूक बनाएगा। क्लस्टर उद्योग जगत, नीति निर्माताओं, शिक्षाविदों, सस्टेनेबिलिटी विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवरों को एक साझा मंच प्रदान करेगा।
इसके माध्यम से नियमित कार्यशालाएं, क्षमता निर्माण कार्यक्रम, मूल्यांकन, पीयर लर्निंग सत्र और विशेषज्ञ परामर्श आयोजित किए जाएंगे, जिससे कंपनियां ESG सिद्धांतों को अपनी व्यावसायिक रणनीतियों और संचालन में प्रभावी रूप से शामिल कर सकेंगी।

Comment List