गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना से मचा हड़कंप, मॉकड्रिल में परखी गई सुरक्षा एजेंसियों की तैयारी
प्लेटफॉर्म नंबर-1 को तत्काल खाली कराया गया
जयपुर। शहर के गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बम मिलने की सूचना पर सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक मॉकड्रिल की। सूचना मिलते ही पुलिस, एटीएस, बम निरोधक दस्ता (BDS), डॉग स्क्वायड, सिविल डिफेंस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। मॉकड्रिल के तहत रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 को तत्काल खाली कराया गया और पूरे परिसर में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को स्टेशन मास्टर की ओर से सर्कुलेटिंग एरिया में संदिग्ध बम रखे होने की सूचना दी गई थी। इसके बाद तय प्रोटोकॉल के अनुसार सभी सुरक्षा एजेंसियों ने समन्वित कार्रवाई शुरू की।
तलाशी के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर संदिग्ध बम मिलने की स्थिति बनाई गई, जिसे बीडीएस टीम ने सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया। मॉकड्रिल के दौरान विभिन्न एजेंसियों की प्रतिक्रिया क्षमता, समन्वय और रिस्पॉन्स टाइम का आकलन किया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के अभ्यास का उद्देश्य किसी भी वास्तविक आपात स्थिति में सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

Comment List