सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 की प्रभावी पालना के निर्देश, कचरा पृथक्करण और जागरूकता पर जोर
गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान
जयपुर। स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव रवि जैन ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2026 के प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी नगरीय निकायों को इनकी शत-प्रतिशत एवं प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बल्क वेस्ट जनरेटर्स (बीडब्ल्यूजी) के लिए निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए तथा रंग आधारित कचरा पात्र (कलर कोडिंग) व्यवस्था को जमीनी स्तर पर पूरी तरह लागू किया जाए। रवि जैन ने निर्देश दिए कि स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यूजर चार्ज एवं दंडात्मक प्रावधानों को अधिसूचित कर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
साथ ही सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों के माध्यम से आमजन को नए नियमों के प्रति जागरूक बनाने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने सभी नगरीय निकायों को निर्देशित किया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2026 के तहत की जा रही कार्यवाहियों की फोटो सहित विस्तृत अनुपालना रिपोर्ट निर्धारित समयसीमा में विभाग को अनिवार्य रूप से भेजी जाए। उन्होंने कहा कि इन रिपोर्टों के आधार पर माननीय उच्चतम न्यायालय के समक्ष राज्य की प्रगति का तथ्यात्मक एवं प्रभावी प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। विभाग ने स्वच्छता प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी निकायों से गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Comment List