स्पाइनल एनेस्थीसिया में उपयोग होने वाले इंजेक्शन के एक बैच पर रोक, दवा वापस मंगाने के निर्देश
बिक्री एवं उपयोग तत्काल प्रभाव से रोकने के आदेश
जयपुर। चिकित्सा विभाग से जुड़ी एक महत्वपूर्ण कार्रवाई के तहत स्पाइनल एनेस्थीसिया में उपयोग होने वाले BUPICAIN HEAVY इंजेक्शन के एक बैच के उपयोग और बिक्री पर रोक लगा दी गई है। एसएमएस मेडिकल कॉलेज की ओर से जारी अलर्ट के बाद औषधि आयुक्तालय ने भी पूरे प्रदेश में इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। औषधि नियंत्रक अजय फाटक ने सभी अतिरिक्त औषधि नियंत्रकों (ADC) को BUPICAIN HEAVY के बैच नम्बर BKBP02601 की बिक्री एवं उपयोग तत्काल प्रभाव से रोकने के आदेश दिए हैं।
साथ ही मैदानी स्तर पर संबंधित दवा के नमूने लेने तथा बाजार में बेची जा चुकी दवा को वापस मंगाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। औषधि आयुक्तालय ने अधिकारियों को संबंधित बैच की उपलब्धता की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मरीजों की सुरक्षा बनी रहे। मामले की निगरानी की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comment List