पंचायतीराज चुनाव ड्यूटी में लापरवाही 4 वाहन मालिकों को नोटिस, स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश
चुनाव ड्यूटी से गायब हुए वाहन
जयपुर। पंचायतीराज आम चुनाव के तहत निर्वाचन कार्य के लिए अधिग्रहित वाहनों के निर्धारित ड्यूटी पर उपलब्ध नहीं होने एवं निर्वाचन कार्य में व्यवधान उत्पन्न होने के मामलों में प्रादेशिक परिवहन प्राधिकार जयपुर प्रथम ने द्वारा चार वाहन मालिकों को नोटिस जारी कर तीन कार्य दिवस में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इससे पूर्व इसी प्रकार के मामलों में तीन अन्य वाहनों के परमिट निलंबित किए जा चुके हैं। आरटीओ प्रथम चम्पालाल ने बताया कि वाहन मालिक संजय कुमार मीणा, रघुवीर सिंह, अशोक कुमार तथा भरत धाबाई संविदा वाहन परमिट के वाहनों को पंचायतीराज चुनाव कार्य के लिए अधिग्रहित किया था।
उन्होंने बताया कि अधिग्रहण के बाद संबंधित वाहन मालिकों द्वारा स्वेच्छा से वाहन अन्यत्र ले जाने, फोन रिसीव नहीं करने, वाहन खराब होने एवं निर्वाचन ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के कारण निर्वाचन कार्य में व्यवधान उत्पन्न हुआ। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी (यातायात) ने संबंधित वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की थी। उन्होंने बताया कि चारों वाहन मालिकों को नोटिस जारी कर तीन कार्य दिवस में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

Comment List